शनिवार, अक्तूबर 12, 2013

भारतीय युवक ने जीता प्रतिष्ठित यूएन पुरस्कार

संयुक्त राष्ट्र। एक भारतीय सहित दुनिया के दस युवा संयुक्त राष्ट्र के प्रतिष्ठित अवार्ड के लिए चुने गए हैं। यह अवार्ड उद्यमी के रूप में उनके कार्यो और विश्व में बदलाव के लिए प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल के लिए प्रदान किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ [आइटीयू] द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के दस विजेता विभिन्न देशों के हैं। इन लोगों ने विविध मुद्दों पर काम किया, जिसमें समुद्री सुरक्षा, भोजन बर्बादी में कमी और प्रवास का मुद्दा शामिल है। इस अवार्ड के लिए चयनित भारतीय युवक वरुण अरोड़ा ने 'खुला पाठ्यक्रम' तैयार किया है। इस ऑनलाइन प्लेटफार्म पर प्राइमरी और माध्यमिक छात्रों के लिए शिक्षा सामग्री उपलब्ध है। आइटीयू के महासचिव हमदोउन तोउरे ने कहा कि ये सभी कुशाग्र बुद्धि के हैं जिनके पास अपने समुदायों और दुनिया की विकासात्मक चुनौतियों के लिए प्रौद्योगिक समाधान निकालने की खूबी है। आगामी नवंबर में बैंकाक में आयोजित होने वाले आइटीयू टेलीकॉम 2013 में ये विजेता हिस्सा लेंगे। इस अवार्ड के लिए 88 देशों से 600 से ज्यादा प्रविष्टियां मिली थी। विजेताओं का चयन संभावित सामाजिक प्रभाव और व्यावसायिक क्षमता के आधार पर किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: