सोमवार, अक्तूबर 14, 2013

'मोदी के मुकाबले प्रियंका' पर कांग्रेस बिफरी



नई दिल्ली।। बीजेपी के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रियंका गांधी को उतारने की खबर को कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया है। कांग्रेस ने आरोप लगया है कि मध्य प्रदेश के दतिया में मची भगदड़ की खबर को दबाने के लिए कुछ लोग और कुछ न्यूज चैनल मिलकर यह भ्रम फैला रहे हैं कि प्रियंका देशभर में कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगी। कांग्रेस ने कहा कि प्रियंका सिर्फ रायबरेली और अमेठी के लिए प्रचार करेंगी। हालांकि, इसके पीछे कौन-कौन से न्यूज चैनल हैं और कौन लोग शामिल हैं, उनका नाम कांग्रेस मीडिया सेल के प्रमुख अजय माकन ने नहीं लिया।

नरेंद्र मोदी को चुनौती देने के लिए कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी को चुनाव प्रचार के लिए उतारने की खबर पर कांग्रेस बिफर गई है। अजय माकन ने इसे सिरे खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के दतिया में बीजपी सरकार की नाकामी को छिपाने के लिए मीडिया में यह भ्रम फैलाया जा रहा है। माकन ने कहा कि कुछ मीडिया वाले नहीं चाहते कि दतिया की सचाई लोगों के सामने आ सके और शरारत भरी खबर चला रहे हैं। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि मीडिया द्वारा यह भ्रम फैलाना सही नहीं है।

माकन ने कहा कि यह बात कहीं नहीं हो रही है कि प्रियंका गांधी को देश भर में चुनाव प्रचार के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रियंका पहले की तरह ही आगे भी सिर्फ रायबरेली और अमेठी में चुनाव प्रचार करेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं: