शनिवार, दिसंबर 14, 2013

राजे ने संभाला राजस्थान

 जयपुर। भाजपा विधायक दल की नेता वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को एक भव्य समारोह में दूसरी बार राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल मारग्रेट अल्वा ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रदेश के इतिहास में यह पहला अवसर है जब एक महिला राज्यपाल ने महिला मुख्यमंत्री को शपथ दिलाई। विधानसभा के मुख्य द्वार पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री पद के भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, तीसरी बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने जा रहे शिवराजसिंह चौहान और पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल समेत अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों ने शिरकत की।
अनेक धर्मगुरुओं और महंतों ने इस मौके पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को आशीर्वाद दिया। राजे को अकेले शपथ दिलाई गई। मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को एक-दो दिनों में शपथ दिलाई जा सकती है। लोगों की सुविधा के लिए 50 एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी, जिन पर शपथ ग्रहण का सीधा प्रसारण हो रहा था। 60 वर्षीय वसुंधरा राजे इससे पहले 2003 में मुख्यमंत्री बनी थीं। इस बार प्रदेश की कुल 200 विधानसभा सीटों में से 199 पर मतदान हुआ था। इनमें से 162 सीटें पाकर भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की। पिछले पांच सालों से सत्ता पर काबिज रही कांग्रेस को मात्र 21 सीटों से संतोष करना पड़ा। चुरू सीट पर बसपा प्रत्याशी के निधन की वजह से शपथ ग्रहण समारोह के दिन ही चुनाव कराया गया, जहां करीब 78.55 फीसद मतदान होने की खबर है।
आडवाणी के पैर छुए
ग्वालियर राजघराने से संबंध रखने वालीं वसुंधरा राजे ने मंच पर पहुंचकर सबसे पहले लालकृष्ण आडवाणी और राजनाथ सिंह के पैर छुए। नरेंद्र मोदी का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। शपथ ग्रहण करने के बाद राज्यपाल मारग्रेट अल्वा ने उन्हें बधाई दी।
मोदी से गले मिले गहलोत
समारोह में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी पहुंचे। मंच पर पहुंचकर सबसे पहले वह नरेंद्र मोदी से गले मिले। इसके बाद अन्य भाजपा नेताओं से भी मुलाकात की। इससे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने मोदी के समर्थन में गगनभेदी नारे लगाए।
आते ही किया फेरबदल
राजस्थान की 13वीं मुख्यमंत्री बनीं वसुंधरा राजे ने शपथ ग्रहण करने के तुरंत बाद ही प्रदेश के प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल कर डाला। राजे की गुड गवर्नेस के लिए इस तत्परता में मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक सहित दस आला अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। आइएएस और आइपीएस अधिकारियों के अलावा आठ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के भी तबादले कर दिए गए। मुख्य सचिव सीके मैथ्यू को रोडवेज के चेयरमैन के रूप में नई जिम्मेदारी मिली तो पुलिस महानिदेशक एचसी मीणा को महानिदेशक, जेल नियुक्त किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: