शुक्रवार, दिसंबर 06, 2013

6 दिसंबर की बरसी पर अयोध्या में कड़ी सुरक्षा

नई दिल्ली। अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाने की बरसी पर आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। अयोध्या में जगह-जगह पुलिस का पहरा है और सुरक्षा का घेरा सख्त है। विवादित परिसर में खास चौकसी के साथ ही परिसर के बाहर येलो जोन में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। छह दिसंबर के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से निषेधाज्ञा लागू की जा चुकी है।
येलो जोन के कई रास्तों पर दुपहिया वाहनों का प्रवेश भी रोका गया है। सुरक्षा घेरा कड़ा करने के साथ जिले को चार जोन, दस सेक्टर और 14 सब सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने की खातिर मजिस्ट्रेट और पुलिस अफसरों ने खुद कमान संभाली है।


साजो-सामान के साथ आरएएफ, पीएसी और पुलिस के जवानों ने गुरुवार को मोहल्लों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील इलाकों पर रूट मार्च किया। बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वॉयड के साथ खुफिया कर्मचारियों की टीमें होटल और धर्मशालाओं के साथ संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग अभियान चला रही हैं। अयोध्या में सभी बैरियरों पर सघन चेकिंग की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: