मंगलवार, अक्तूबर 15, 2013

बसपा विधायक की पहली पत्नी भी शक के घेरे में

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। बुलंदशहर के बसपा विधायक हाजी अलीम चौधरी की दूसरी पत्नी रेहाना बेगम की हत्या मामले में दिल्ली पुलिस का शिकंजा उनकी पहली पत्नी कहकशां उर्फ कमरजहां पर कसता जा रहा है। पिछले पांच सालों से विधायक से उनके संबंध मधुर नहीं चल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने विधायक को क्लीन चिट दे दी है। इस मामले में आरोपी उनके दोनों पुत्रों दानिश और अनस की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय बेनीवाल के अनुसार बेटों की गिरफ्तारी के बाद उठ रहे तमाम सवालों के जवाब सामने आ जाएंगे। विदेश भागने से रोकने के लिए पुलिस दानिश और अनस के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी करने पर भी विचार कर रही है। आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों नेपाल या दुबई भाग सकते हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि दानिश और अनस द्वारा सौतेली मां रेहाना की हत्या का निर्णय लेने के पीछे कहीं विधायक की पत्नी कमरजहां का हाथ तो नहीं। विधायक से पूछताछ में भी पता चला कि पहली पत्नी से उनके रिश्ते अच्छे नहीं चल रहे हैं। पुलिस मान रही है कि दानिश और अनस सोच रहे थे कि कहीं हाजी की संपत्ति पर रेहाना अपना कब्जा न जमा ले और उन्हें उनके हिस्से से वंचित होना पड़े। इधर विधायक के भाई यूनिस की लोकेशन भी वारदात के दिन दिल्ली में मिलने से पुलिस उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
रेहाना से बेइंतहा मुहब्बत थी हाजी को
रेहाना के प्रति विधायक हाजी अलीम की मुहब्बत देखकर पुलिस अधिकारी भी चकित हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार विधायक बार-बार यही दोहरा रहे थे कि हमारी जिंदगी थीं रेहाना। विधायक इस बात से बेहद दुखी हैं कि उनके बेटों ने ही उनसे उनकी मुहब्बत छीन ली। मामले में विधायक की अब तक कोई भूमिका सामने नहीं आई है। वारदात के समय वह मक्का में ही थे। पुलिस ने उनके पासपोर्ट की भी जांच की है।
शातिर है दानिश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वारदात में दानिश की अहम भूमिका है। वह बेहद शातिर और जुनूनी है। पुलिस ने बुलंदशहर, मेरठ, सहारनपुर, हापुड़, मुरादाबाद तथा अलीगढ़ में डेरा डाल रखा है। उत्तराखंड में भी दोनों की तलाश की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: