गुरुवार, फ़रवरी 06, 2014

बाघिन को लेकर वन अधिकारियों में मेनका का खौफ

मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल के जन-जन में बाघिन का खौफ है। किसान खेतों पर नहीं जा पा रहे हैं। फसलों की सुरक्षा में दिक्कत है। इसके बावजूद हिंसक जानवर मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर आदि के गांवों में अब तक आठ लोगों का शिकार बना चुका है। इसे पकड़ने में अक्षम वन विभाग भी अब सवालों के घेरे में है। जीव प्रेम को लेकर मेनका गांधी की भी आलोचना हो रही है। समझा जाता है कि मेनका के खौफ से वन अधिकारी बाघिन को घेरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
कांठ विधायक अनीसुर्रहमान सैफी ने मेनका गांधी का रवैया इंसान विरोधी बताया है। इस बीच वन विशेषज्ञों ने कम से कम चार बाघों के जंगल से बस्ती में प्रवेश करने का दावा किया है।
बीते दिन विभागीय अफसरों पर बाघिन को न पकड़ने देने का शिकारी द्वारा आरोप लगाने के बाद अब कांठ के विधायक ने भी उन्हें लापरवाह बताते हुए कांठ तहसील से हटाने की मांग की है। मुख्यमंत्री को सौंपे शिकायती पत्र में उन्होंने साफ कहा कि वनविभाग के अधिकारी नहीं चाहते बाघिन पकड़ी जाए। आदमखोर हो चुकी बाघिन खेतों में काम कर रहे कांठ विधानसभा क्षेत्र के तीन लोगों समेत मंडल के आठ लोगों को अपना निवाला बना चुकी है। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग के अधिकारियों ने लापरवाही बरती।
कांठ के विधायक अनीसुर्रहमान सैफी ने मुख्यमंत्री को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि कांठ क्षेत्र के चंगेरी गांव में महिला को मौत का निवाला बनाने के बाद बाघिन गन्ने के खेत के बाहर आकर घूमती रही, ग्रामीणों ने उसे मारने की कोशिश की, मगर वन विभाग के अधिकारियों ने गोली मारने से रोक दिया। वन अधिकारियों ने इंसान की जान बचाने के बजाए बाघिन को बचाने मेज् ज्यादा दिलचस्पी दिखाई। उसे मौके पर गोली मार दी जाती तो अन्य लोगों की जानें बचाई जा सकती थीं।

कार्रवाई की मांग
कांठ के विधायक ने चार फरवरी को मुख्यमंत्री को पत्र सौंपा। इसमें लोगों की जान जाने का जिम्मेदार वन विभाग के अधिकारियों को ठहराया गया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई व कांठ तहसील से हटाने की मांग की है।
मेनका ले जाएं बाघिन
कांठ के विधायक अनीसुर्रहमान सैफी ने मेनका गांधी के जानवर प्रेम की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मेनका गांधी के खौफ से वन विभाग के अधिकारियों ने आदमखोर बाघिन को नहीं मारने दिया। उन्हें इंसान की जानज्से ज्यादा बाघिन की जान दिखाई दी। उन्होंने कहा कि मेनका गांधी को चाहिए कि वह बाघिन को पकड़वाकर अपने साथ ले जाएं।

कोई टिप्पणी नहीं: