सोमवार, अक्तूबर 14, 2013

प्रियंका की खबर पर बौखला उठे माकन, मीडिया पर उतारा गुस्सा

नई दिल्ली। भाजपा के पीएम प्रत्याशी और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देने के लिए कांग्रेस द्वारा प्रियंका गांधी को देश भर में चुनाव प्रचार करने के लिए उतारे जाने की खबर का सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन ने जोरदार खंडन किया। उन्होंने इसकी निंदा की और इसे एक सोची समझी रणनीति के तहत भ्रम फैलाने की साजिश करार दिया।
माकन ने पत्रकारों से बात करते हुए इस खबर को दतिया के रतनगढ़ मंदिर हादसेसे जोड़ते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश सरकार की नाकामी को छिपाने की साजिश है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हुए हादसे में जिसमें राज्य सरकार की नाकामी की बदौलत कई लोगों की मौत हो गई, उसे छिपाने के लिए प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार करने का दुष्प्रचार किया गया है। उन्होंने इसके लिए मीडिया को भी कटघरे में खड़ा कर दिया और कहा कि भ्रामक खबर फैलाई जा रही है। इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भी ऐसी किसी खबर की पुष्टि नहीं की थी। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह क्या कह रहे हैं? ऐसा आपसे किसने कहा? हालांकि इसके उलट एनसीपी प्रवक्ता डीपी त्रिपाठी ने इसका स्वागत करते हुए कहा है कि अगर प्रियंका गांधी ऐसा करेंगी तो इसमें बुरा ही क्या है। इससे कांग्रेस को फायदा पहुंचेगा।
गौरतलब है कि सोमवार को मीडिया में यह खबर आई थी कि नरेंद्र मोदी के मुकाबले कांग्रेस चुनाव प्रचार की कमान प्रियंका गांधी को देने जा रही है। सूत्रों के हवाले से आई खबर के अनुसार अगले साल होने वाले आम चुनाव के मद्देनजर प्रियंका गांधी देश भर में घूम-घूम कर कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार करेंगी। हालांकि पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। लेकिन आज अजय माकन ने कहा कि प्रियंका सिर्फ रायबरेली और अमेठी तक ही सीमित रहेंगी।
गौरतलब है कि प्रियंका गांधी पहले रायबरेली और अमेठी में ही इस काम को कर रही थीं, लेकिन सूत्रों के अनुसार अब वे पूरे देश में घूमेंगी। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने राहुल गांधी के साथ घूम-घूमकर प्रचार किया था। हालांकि वहां पर राहुल और प्रियंका का जादू कुछ खास नहीं चल सका। पार्टी के मुताबिक प्रियंका राजनीति में सक्रिय भूमिका निभांएगी।

कोई टिप्पणी नहीं: