शुक्रवार, मई 09, 2014

सिरफिरे आशिक ने शादी समारोह में दुल्‍हन को मारी गोली

भोपाल । लालघाटी स्थित सुंदर वन मैरिज गार्डन में गुरुवार रात करीब सवा 11 बजे दुल्हन पर उसके पूर्व प्रेमी द्वारा गोली चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। घटना में दुल्हन की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। आरोपी ने दूल्हे पर भी फायर किया था, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
दुल्हन डॉक्टर थी और वह हमीदिया अस्पताल में कार्यरत थी। दूल्हा भी हमीदिया अस्पताल में पदस्थ है। कुछ ही देर में आला पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। आरोपी को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
एक के बाद एक दो फायर किए
एएसपी जोन 3 अजय पाण्डेय ने बताया कि डॉ. जयश्री नामदेव और डॉ. रोहित नामदेव की गुरुवार रात सुंदरवन मैरिज गार्डन में शादी हो रही थी। वे दोनों हंसी-खुशी से स्टेज पर अपने परिचितों के साथ फोटो खिंचवा रहे थे। इस बीच रात करीब सवा ग्यारह बजे गढ़ाकोटा (सागर) निवासी अनुराग सिंह फोटो खिंचाने के बहाने स्टेज पर पहुंचा। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते इसके पहले ही उसने पिस्टल निकालकर दुल्हन पर एक के बाद एक दो फायर किए।
दोनों गोली उसके सीने में लगीं और वह जमीन पर गिर पड़ी। तुरंत बाद उसने दूल्हे पर भी गोली चलाई, पर वह बाल-बाल बच गया। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने जयश्री को बैरागढ़ स्थित सुदीति अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, गोली चलाने के बाद अनुराग वहीं खड़ा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
एक साथ पढ़ते थे
एचडीएफसी बैंक में कार्यरत अनुराग का कहना था कि वह जयश्री को उस वक्त से जानता है जब वे दोनों सबधाणी कोचिंग में साथ पढ़ते थे। तभी से उन दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन जयश्री ने उसे धोखा देकर किसी और से शादी रचा ली। यह उससे बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने शादी समारोह में जयश्री पर गोली चला दी।

कोई टिप्पणी नहीं: