अलीगढ़। दहेज की मांग पूरी ना होने पर एक पुलिस कांस्टेबल ने परिजनों के
साथ मिलकर अपनी पत्नी और बेटे को जिंदा जला दिया। घटना उत्तर प्रदेश के
अलीगढ़ जिले की है।
पुलिस के मुताबिक आगरा की जी ट्रास यमुना कालोनी कें देवेंद्र कुमार ने
अपनी बेटी प्रिया (24) की शादी 12 दिसंबर 2009 को बगुली के महेश चंद्र
शर्मा के पुत्र पुष्पेंद्र के साथ की थी। पुष्पेंद्र पुलिस में नौकरी करता
है। मायके पक्ष का कहना है कि शादी में उन्होंने करीब आठ लाख रुपये खर्च
किए थे।
आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रिया के ससुराली चार लाख रुपये और कार
की मांग करने लगे। उन्होंने असमर्थता जताई तो प्रिया का उत्पीड़न शुरू कर
दिया गया। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुरालियों ने प्रिया व उसके छह माह के
बेटे कुशाग्र पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। पड़ोसियों ने पुलिस को
घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को कब्जे में
ले लिया।
रिपोर्ट में पति पुष्पेंद्र, ससुर महेशचंद्र व सास रानीदेवी को नामजद
किया गया है। पुलिस ने ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपी फरार हैं।
इधर, ससुर का कहना है कि प्रिया उसके बेटे के साथ नौकरी पर जाने की जिद
करती थी। मना करने पर उसने आत्महत्या की है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें