शुक्रवार, मई 09, 2014

घर में सो रही सास-बहू पर तेजाब से हमला

लखनऊ। प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के रामगंज बाजार में बुधवार रात को घर में सो रही सास और बहू पर दो लोगों ने तेजाब फेंक दिया। सास-बहू का शोर सुनकर जागे पिता-पुत्र पर भी दोनों हमलावर टूट पड़े और सभी की पिटाई कर भाग निकले। झुलसी सास, बहू को जिला अस्पताल लाया गया, स्थिति गंभीर होने पर दोनों को यहां से इलाहाबाद रेफर कर दिया गया।
रामगंज बाजार के रमेश कुमार कैटरिंग का काम करते है। बुधवार को वह शादी में गये था। घर पर उसकी पत्‍‌नी सुमन (18), मां फूला देवी (50), पिता मनीराम, भाई दिनेश आदि सो रहे थे। गर्मी के कारण दरवाजा खुला था। रात लगभग दो बजे करीब आधा दर्जन लोगों ने घर में धावा बोल दिया। घर में घुसे दो हमलावरों ने सुमन व फूला पर तेजाब फेंक दिया। दोनों चीखीं तो मनीराम व दिनेश भी जाग गए। इन्होंने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया तो उनकी पिटाई कर दी। शोर मचाने पर हमलावर भाग निकले। फौरन सुमन, फूला को सीएचसी अमरगढ़ ले जाया गया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। वहां एसआरएन में दोनों का इलाज चल रहा है।
बताते हैं घर के सामने छप्पर पर मिंट्टी के तेल से सना कपड़ा रखा हुआ था। इससे लगता है कि हमलावरों ने आगजनी का इरादा बनाया था, लेकिन शोर मचाने पर भाग निकले। पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। दोनों का इलाहाबाद के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: