मंगलवार, मार्च 25, 2014

केजरीवाल को सिर्फ मीडिया में बने रहने की आदत: कलराज

लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कलराज मिश्रा ने आप के संयोजक
अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य से भटक चुके केजरीवाल को मीडिया में बने रहने की आदत पड़ गई है। इसी कारण वो रोज बे सिर पैर की बाते कर रहे हैं।
उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर चुटकी ली। मिश्र ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की गरिमा को बरकरार रखने में नाकाम केजरीवाल अब दूसरों पर उंगली उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात के विकास पर केजरीवाल का सवाल उठाना गलत है। वह बेतुके और झूठे आरोप लगा रहे हैं। कोई भी गुजरात जाकर केजरीवाल की झूठ को देख सकता है। अरविंद केजरीवाल सिर्फ मीडिया में रहने के लिए इस तरह के आरोप लगाते हैं। अब तो वह मीडिया पर भी उंगली उठाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
देवरिया से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कलराज मिश्र ने हर-हर मोदी नारे पर उठे विवाद को गलत बताया। उन्होंने कहा कि इसे धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। हर-हर का मतलब हरण करने वाला से है। इसे हर-हर महादेव से जोड़ना गलत है। जसवंत सिंह को टिकट न देने के फैसले पर मचे घमासान में कलराज मिश्र भी कूद गए हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के फैसले पर सवाल उठाने को गलत बताया। साथ ही कहा अगर लाल कृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज या जसवंत सिंह को कोई नाराजगी है तो सार्वजनिक तौर पर बयान देने के बजाय पार्टी फोरम पर अपनी बात रखें।
कलराज मिश्र का कहना है कि उनकी इच्छा भी कानपुर से चुनाव लडने की थी। देवरिया से टिकट देने के मामले को वह पार्टी में उठाएंगे। उन्होंने 2004 में भाजपा के फील गुड नारे को गलत बताया। कहा कि भारत विकासशील देश है। लोग भूख से भी मर रहे हैं। यह स्थिति 2004 में भी थी। ऐसे में फील गुड का नारा देना गलत था। कलराज मिश्र का कहना है कि भारतीय संस्कृति की राजधानी बनारस है। इसी कारण नरेंद्र मोदी ने वहां से चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। इसके पीछे हिंदुत्ववादी छवि को पेश करना कोई मकसद नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं: