गुरुवार, मार्च 27, 2014

कांग्रेस का घोषणापत्र झूठ का पुलिंदा: मोदी


लोहरदगा  भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि विकास का रास्ता बंदूक से नहीं, हल से आता है।
भारत विजय रैली में मोदी ने झारखंड को लेकर पंडित जवाहर लाल नेहरू की सोच पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने झारखंड की मांग का मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने कार्यकाल में झारखंड को बनवाया था। यदि वह नहीं होते तो झारखंड का जन्म नहीं होता, इसके लिए हमें वाजपेयी का आभारी होना चाहिए।
मोदी ने कांग्रेस के घोषणापत्र पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह झूठ का पिटारा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में महंगाई और भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर पहुंच गया है, जिससे आज आम आदमी परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने पहले के चुनावी वादों को पूरा नहीं किया है। कांग्रेस ने झारखंड की संपदा को लूटा है, जिससे यहां का विकास अवरूद्ध हुआ है। कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया। अगर आदिवासियों का कोई भला कर सकती है तो वह भाजपा है।
उन्होंने अपने संबोधन में झारखंड के महापुरुषों का नाम लेते हुए इसे वीरों और बलिदानियों की भूमि कहा। यहां की खनिज संपदा की तारीफ की और कहा कि झारखंड अमीर है पर लोग गरीब हैं। नक्सली बंद पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आज माओवादियों ने लोकतंत्र को ललकारा है। उन्होंने कहा कि विकास का रास्ता बंदूक से नहीं, हल से निकलता है।

कोई टिप्पणी नहीं: