शुक्रवार, मार्च 28, 2014

आप की पत्रकार वार्ता में महिलाओं से दु‌र्व्यवहार

इलाहाबाद । इआम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह की प्रेसवार्ता में महिला कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की गई। सवाल पूछने पर उन्हें धक्के देकर बाहर निकाल दिया गया।
नाज फातिमा खान और श्रद्धा शुक्ला नाम की महिला कार्यकर्ताओं का अपराध सिर्फ इतना था कि उन्होंने पार्टी प्रवक्ता से कई सवाल पूछ लिए। कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद संजय सिंह प्रेसवार्ता बीच में ही छोड़कर चले गए।
प्रेसवार्ता के दौरान आप नेता संजय सिंह ने अरविंद केजरीवाल के बनारस दौरे के बारे में बता रहे थे, उसी समय पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई सवाल दाग दिए। सबसे पहले नाज फातिमा ने सवाल किया। उन्होंने पूछा कि आप मुसलमानों के लिए क्या करेंगे, उन्हें टिकट कम क्यों दिए गए। इसके बाद संजय के इशारे पर आप पदाधिकारियों ने उनको धक्के देकर बाहर निकाल दिया।
एक और कार्यकर्ता श्रद्धा पांडेय ने पार्टी पर पैसे लेकर टिकट देने का आरोप लगाया तो उन्हें भी धक्के देकर हाल से बाहर निकाल दिया गया।
एक कार्यकर्ता ने कहा कि मुझसे तीन लाख रुपये मांगे गए थे, न देने पर टिकट नहीं दिया गया। उन्होंने संजय सिंह पर टिकट बेचने का आरोप लगाया। फूलपुर लोकसभा सीट से पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शिमलाश्री को कार्यकर्ताओं ने पैसा लेकर टिकट देने का आरोप लगाया, जिसका संजय सिंह ने खंडन किया।

कोई टिप्पणी नहीं: