शनिवार, मार्च 29, 2014

झांसी नहीं छोडूंगी : उमा भारती

झांसी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ रायबरेली से चुनाव लड़ाने की अटकलों पर विराम लगाने के लिए झांसी-ललितपुर लोकसभा सीट की भाजपा प्रत्याशी उमा भारती मीडिया के सामने आई। उन्होंने कहा कि वह झांसी नहीं छोड़ेंगी और इस निर्णय से राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को अवगत करा दिया है। अगर, पार्टी रायबरेली से चुनाव लड़ाना चाहती है, तो वह झांसी के साथ ही वहां से भी चुनाव लड़ेंगी। हालांकि पार्टी के निर्देश पर झांसी छोड़ने के सवाल का उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उमा भारती ने कहा बाबा रामदेव ने रायबरेली से उनका नाम प्रस्तावित कर सम्मान बढ़ाया है। सोनिया गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को रिमोट कंट्रोल से चलाया और देश को बर्बाद कर दिया। जब इंदिरा गांधी, राजीव गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ते थे, तब वह वीआइपी सीट थी, लेकिन अब वह गरीब, शोषितों की सीट रह गई है। उन्होंने कहा कि मुझे सोनिया गांधी को खदेड़ने के लिए रायबरेली भेजा जा रहा है, लेकिन यह काम झांसी से भी कर सकती हूं।
उमा भारती ने कहा कि बुंदेलखंड आतंक और भय के साए में है। यहां लूट, हत्याओं और अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। बुंदेलखंड को दुर्दशा से उबारने की जरूरत है, इसलिए उन्होंने झांसी से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उमा ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह व बाबा रामदेव को अपनी वेदना बताई और निवेदन किया है कि उन्हें झांसी से ही चुनाव लड़ना है। अगर, पार्टी उन्हें रायबरेली से मैदान में उतारना चाहती है, तो भी वह झांसी से चुनाव लड़ेंगी।
केजरीवाल मेरा भाई : उमा
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी के खिलाफ काशी से चुनाव लड़ने वाले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह केजरीवाल का सम्मान करती हैं, क्योंकि वह अन्ना हजारे से जुड़े थे। इसलिए वह मेरा भाई समान है। उन्होंने केजरीवाल को नसीहत देते हुए कहा कि वह धैर्य न छोड़ें और सस्ते नुस्खे न अपनाएं।

कोई टिप्पणी नहीं: